भारतीय रेल के 173वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों के अंतर्गत आसनसोल मंडल द्वारा 07 मई 2026 को जगदीशपुर स्टेशन, चिनपाई स्टेशन, न्यू नवाडीह हॉल्ट स्टेशन, रानीगंज स्टेशन, मदनकाटा स्टेशन एवं अंडाल स्थित 12 नंबर कॉलोनी में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किए गए।

इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों, विक्रेताओं एवं स्थानीय निवासियों के बीच स्वच्छता, सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। स्टेशन परिसरों, सर्कुलेटिंग एरिया, पहुंच मार्गों एवं रेलवे कॉलोनी क्षेत्रों में आयोजित अभियानों में रेलवे कर्मचारियों एवं हाउसकीपिंग स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रमों के दौरान रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक उपयोग वाले क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। यात्रियों एवं आम जनता से रेलवे ट्रैक, प्लेटफॉर्म एवं खुले स्थानों पर कचरा न फेंकने तथा कचरे के उचित निस्तारण हेतु निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की गई।
ट्रेनों के अंदर स्वच्छता बनाए रखने एवं कोचों में स्थापित बायो-टॉयलेट के समुचित उपयोग के संबंध में भी विशेष जागरूकता फैलायी गई, ताकि स्वच्छता सुनिश्चित होने के साथ-साथ रेलवे अवसंरचना की भी सुरक्षा हो सके। प्रतिभागियों को स्वच्छ एवं यात्री-अनुकूल रेलवे परिसर बनाए रखने में सामूहिक जनभागीदारी के महत्व से अवगत कराया गया।
रानीगंज स्टेशन पर आयोजित स्वच्छता जागरूकता अभियान में रेलवे कर्मचारियों एवं हाउसकीपिंग स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही, जहां यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों से रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
आसनसोल मंडल द्वारा स्वच्छ रेलवे स्टेशन, स्वच्छ परिवेश एवं बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपने अधिकार क्षेत्र में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
