स्टेशन परिसर में प्रवेश और निकास द्वारों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रैंप और फिसलन रहित रास्ते बनाए गए हैं, जिससे व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं के लिए स्टेशन तक पहुँच आसान हो गई है।दिव्यांग यात्रियों को सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने के लिए एनएसजी-3 श्रेणी तक के सभी स्टेशनों पर समर्पित पार्किंग स्थल, सुलभ टिकट काउंटर और सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं।कई स्टेशनों पर सुविधा और आराम को और बढ़ाने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए शौचालय और पेयजल सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए स्पर्शनीय मार्ग और ब्रेल लिपि संकेत लगाए गए हैं,जिससे पूरे स्टेशन में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होता है। स्टेशनों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता ने सुगम्यता को मजबूत किया है, जिससे दिव्यांगजन अधिक आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ यात्रा कर सकते हैं।
प्लेटफ़ॉर्म सुगम्यता को भी उच्च प्राथमिकता दी गई है।आसनसोल, दुर्गापुर और जसीडीह सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर और अच्छी तरह से जुड़े फुट-ओवर-ब्रिज हैं, जो प्लेटफार्मों के बीच बाधा-मुक्त आवाजाही सुनिश्चित करते हैं। स्पष्ट संकेत, ध्वनि घोषणाएँ और संवेदनशील कर्मचारी दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और संरक्षा में वृद्धि करते हैं।
विभिन्न यात्री-केंद्रित पहलों के तहत किए जा रहे प्रयासों को सुगम्य भारत अभियान और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भारतीय रेलवे के व्यापक दृष्टिकोण के साथ जोड़ा जा रहा है, जिसके माध्यम से रेलवे स्टेशनों को दिव्यांग-अनुकूल क्षेत्रों में परिवर्तित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सार्वभौमिक और समावेशी पहुँच सुनिश्चित करना है।
मंडल भर में चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य सभी यात्रियों को एक निर्बाध, सम्मानजनक और देखभाल पूर्ण यात्रा अनुभव प्रदान करना है.
