बिहार के व्यवसाई गोपाल खेमका की हत्या की साज़िश में शामिल मुख्य आरोपी मंगलवार की सुबह पटना में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मार गिराया गया।यह मुठभेड़ पटना सिटी के मालसलामी इलाके में उस समय हुई जब पुलिस टीम गोपाल खेमका हत्या मामले में पूछताछ के लिए विकास उर्फ राजा के घर पहुंची थी।राजा ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कारवाई में राजा ढेर हो गया।राजा के इस हत्या कांड में शामिल होने का संदेह था क्योंकि वह अवैध हथियार का आपूर्तिकर्ता था और उसी ने कांड के मुख्य आरोपी उमेश उर्फ विजय यादव को हत्या में इस्तेमाल हथियार उपलब्ध कराया था।पुलिस के अनुसार राजा पहले भी कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और हथियार सप्लाई के मामले में शामिल रहा है।
गैंगस्टर अजय वर्मा जो अभी बेऊर जेल में है, उसी के साथ पहले उमेश आपराधिक घटना को अंजाम दिया करता था। उमेश ने पुलिस को पूछताछ में बताया था कि हत्या का कॉन्ट्रैक्ट 10 लाख रुपए में दिया गया था और उसमें से 1 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका था।पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार उमेश के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई बाईक, पिस्तौल,80 कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।
इस बीच खेमका के परिवार ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है।गौरतलब है कि छह साल पहले गोपाल खेमका के पुत्र गुंजन खेमका की भी इसी तरह हत्या कर दी गई थी।
