मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद कर रेल सेवाओं एवं यात्री सुख-सुविधाओं में सुधार हेतु सुझाव प्राप्त किए गए-

आसनसोल-
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा जन संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ एवं यात्री जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया।इस पहल का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं यात्रियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को सुदृढ़ करना, यात्रियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझना तथा रेल सेवाओं एवं यात्री सुख-सुविधाओं में सुधार हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना था।
आसनसोल रेलवे स्टेशन पर आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य ने यात्रियों एवं स्कूली विद्यार्थियों से संवाद किया।इस दौरान उन्होंने यात्रियों के यात्रा संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की तथा रेल सुविधाओं एवं सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव आमंत्रित किए।इसी क्रम में दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर आसनसोल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक देबब्रत चटर्जी ने भी यात्रियों से संवाद कर रेल सेवाओं, स्टेशन सुविधाओं, यात्री सुख-सुविधाओं तथा रेल सेवाओं के अन्य पहलुओं के संबंध में उनकी राय एवं सुझाव प्राप्त किए।
‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किया गया। इनमें रानीगंज, कालिपहाड़ी, दुर्गापुर, वारिया, राजबांध, बराकर, छोटा अंबोना, कुमारडुबी, थापरनगर, मुगमा, कालूबथान, सिउड़ी, पांडवेश्वर, उखड़ा, जसीडीह जंक्शन, बैद्यनाथधाम, महेशमुंडा, गिरिडीह, मधुपुर जंक्शन, संकरपुर, सिमुलतला, अंडाल जंक्शन एवं देवघर शामिल हैं।
सभी सहभागी रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित अग्रिम पंक्ति के रेलकर्मियों ने यात्रियों से प्रत्यक्ष संवाद किया तथा रेलगाड़ी सेवाओं, टिकटिंग सुविधाओं, यात्री सुख-सुविधाओं, स्टेशन सुविधाओं एवं रेल सेवाओं के अन्य पहलुओं से संबंधित सुझाव प्राप्त किए।इन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों को अपने यात्रा अनुभव साझा करने, अपनी समस्याएँ रखने तथा रचनात्मक सुझाव देने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने भी भाग लिया। उनकी सहभागिता से युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने तथा यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने हेतु सुझाव देने के लिए प्रोत्साहन मिला। इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन विभाग, वाणिज्य विभाग, परिचालन विभाग, रेलवे सुरक्षा बल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से कार्य किया।
