यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे परिसर में गैर-कानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए अपने सक्रिय उपायों को जारी रखते हुए, आसनसोल मंडल की रेलवे सुरक्षा बल ने चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत एक लक्षित अभियान चलाया।
उक्त अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों ने चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के जामताड़ा छोर पर प्लेटफॉर्म नंबर 02/03 के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध तरीके से खड़े देखा, जिसके पास एक प्लास्टिक का बोरा और एक बैकपैक था।संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ और सामान की तलाशी के बाद शराब की कई बोतलें बरामद की गईं।
उक्त अभियान के तहत पूछताछ करने पर हिरासत में लिया गया व्यक्ति शराब रखने और ले जाने के लिए कोई वैध दस्तावेज या प्राधिकार प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि शराब बिहार,जो एक शराब प्रतिबंधित क्षेत्र है,में अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी।
उचित कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन करते हुए बरामद शराब को गवाहों की उपस्थिति में मौके पर ही जब्त कर लिया गया और उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद, हिरासत में लिए गए व्यक्ति को जब्त सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत आबकारी विभाग जामताड़ा को सौंप दिया गया।
ऑपरेशन सतर्क के तहत यह सफल कार्रवाई एक बार फिर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षित, संरक्षित और यात्री-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आसनसोल मंडल की प्रतिबद्धता और सतर्कता के कारण संभव हो सका है।
