कोलकाता के लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ गैंग रेप का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है और अब कोलकाता आईआईएम में रेप की घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया है।
दरअसल यह मामला शुक्रवार का है।एक महिला ने कोलकाता आईआईएम कैंपस स्थित ब्वॉयज हॉस्टल में एक छात्र द्वारा उसके साथ बलात्कार किए जाने का आरोप लगाया है।पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। छात्र का नाम परमानंद टॉपौनवर है और वह कर्नाटक का रहने वाला है।गिरफ्तार छात्र को शनिवार अलीपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार आरोपी ने दूसरे संस्थान में पढ़ाई कर रही पीड़िता को कोलकाता आईआईएम कैंपस में काउंसलिंग सत्र के लिए बुलाया था। आरोपी द्वारा ब्वॉयज हॉस्टल में कुछ जरूरी काम का बहाना बना कर पीड़िता को काउंसलिंग वेन्यू की जगह ब्वॉयज हॉस्टल ले जाया गया।पीड़िता के अनुसार वहां उसे पिज़्ज़ा और पानी ऑफर किया गया, जिसे खाने के तुरंत बाद वह अचेत हो गई और इसका फायदा उठाते हुए आरोपी छात्र ने उसका बलात्कार किया।
पीड़िता ने होश आते ही वहां से भाग कर अपने दोस्तों को घटना की सूचना दी और फिर सभी ने साथ मिलकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64( Punishment for rape) और 123( Causing hurt by means of poison,etc.) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हॉस्टल रूम को सील कर दिया है और फोरेंसिक जांच के लिए नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।पुलिस हॉस्टल के सुपरीटेंडेंट और गार्ड से भी पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप है।
