AIIMS Deoghar के अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स) विभाग ने 100 जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है तथा क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस अवसर पर एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन गंगाने ने अस्थि रोग विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्ता-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और टीमवर्क की उत्कृष्ट मिसाल है।उन्होंने कहा कि जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी अत्यंत जटिल एवं विशेषज्ञता आधारित शल्यक्रियाएं है, जो पूर्व में केवल बड़े महानगरों के चुनिंदा केंद्रों तक सीमित थीं।इस क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार हेतु दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता था। अब एम्स देवघर में ये सेवाएं विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ अत्यंत किफायती दरों पर उपलब्ध है।उन्होंने आगे बताया की एम्स देवघर का अस्थि रोग विभाग Ayushman Bharat योजना के अंतर्गत भी जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी कर रहा है, जिससे पात्र मरीजों को यह उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि एम्स देवघर उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से संथाल परगना एवं आसपास के राज्य झारखंड एवं बिहार क्षेत्रों के मरीजों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष राज ने बताया की एम्स देवघर में कूल्हा (हिप), घुटना (नी), कंधा (शोल्डर), कोहनी (एल्बो) तथा जटिल रिवीजन जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं। उन्होंने कहा की यह अत्यंत गर्व की बात है कि सभी मामलों में कोई भी असफलता या गंभीर जटिलता (जैसे संक्रमण) दर्ज नहीं हुई, जो उच्च स्तरीय सर्जिकल दक्षता, सख्त संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल एवं उत्कृष्ट रोगी देखभाल का प्रमाण है।यह सफलता अस्थि रोग विभाग की टीम, एनेस्थीसिया विभाग, नर्सिंग स्टाफ, ऑपरेशन थिएटर (OT) कर्मियों तथा अन्य सहयोगी विभागों के समर्पित टीमवर्क और समन्वय का परिणाम है।
डॉ. राज ने कहा की सामान्यतः लोग जोड़ों के गठिया (आर्थराइटिस) एवं उससे संबंधित दर्द को लंबे समय तक नजरअंदाज करते रहते हैं, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता प्रभावित होती है।जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी ऐसे मरीजों को दर्दमुक्त एवं सक्रिय जीवन प्रदान करती है, जिससे वे पुनः सामान्य दिनचर्या अपना सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि एम्स देवघर का अस्थि रोग विभाग आर्थराइटिस एवं जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों के उपचार में उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) के रूप में उभर रहा है।एम्स देवघर की यह उपलब्धि न केवल संस्थान की चिकित्सा क्षमता को दर्शाती है, बल्कि संथाल परगना क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को भी सुनिश्चित करती है।

