राजकीय श्रावणी मेला 2025 के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (नई दिल्ली) द्वारा देवघर के शिवलोक परिसर में निःशुल्क परामर्श शिविर का शुभारंभ आयोग की सदस्य श्रीमती ममता और देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।इस दौरान आयोग की सदस्य ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने श्रावणी मेले में महिलाओं के लिए एक निःशुल्क परामर्श स्टॉल लगाया है। इस स्टॉल का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सशक्त बनाना है।उन्होंने कहा कि एक महीना तक चलने वाले इस मेला में लाखों महिलाएं बाबा नगरी देवघर आती हैं।ऐसे में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से महिलाओं को उनके कानूनी और सामाजिक अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके और उनका उपयोग कर सके। इस शिविर के माध्यम से कानूनी सलाह, परामर्श और सहायता प्रदान की जायेगी।
मौके पर देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का लक्ष्य है कि इस परामर्श स्टॉल के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाए और उन्हें सशक्त बनाया जाए।उन्होंने जानकरी दी कि राष्ट्रीय महिला आयोग का गठन 1992 में हुआ था, जिसके बाद लगातार महिलाओं के हित में आयोग के द्वारा कार्य किया जाता रहा है।आगे उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का मुख्य काम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सशक्त बनाना है।यह आयोग महिलाओं के खिलाफ होने वाले अन्याय और भेदभाव की शिकायतों पर गौर करता है,उनके लिए कानूनी सहायता प्रदान करता है।ऐसे में श्रावणी मेला के अवसर पर निःशुल्क परामर्श शिविर के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने की एक बेहतरीन पहल की जा रही है।
