देवघर का राजकीय श्रावणी मेला अपने छठे दिन में प्रवेश कर चुका है। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में उनकी सुरक्षा की व्यवस्था प्रशासन के लिए सर्वोपरि होती है।इसी के तहत श्रावणी मेला के दौरान महत्वपूर्ण स्थलों पर आग से बचाव के उपायों एवं अग्निशमन यंत्रों को चलाने से जुड़ी जानकारी दण्डाधिकारियों और कर्मियों को दी गयी।
राजकीय श्रावणी मेला 2025 के अवसर पर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार सम्पूर्ण मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों यथा-बाबा मंदिर, बाघमारा बस सटैंड, शिवलोक परिसर, बीएड कॉलेज होल्डिंग प्वाइंट, नेहरू पार्क एवं टेंट सिटी पर अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल किया गया।इस दौरान आग लगने की स्थिति में त्वरित गति से आग पर काबू पाने के अलावा अग्निशमन यंत्रों के उपयोग और उसके संचालन से जुड़ी जानकारी दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गयी, ताकि आपात स्थिति में इन यंत्रों का उपयोग किया जा सके।
इसके अलावे मॉक ड्रिल के माध्यम से अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों द्वारा आपातकालीन स्थिती से निपटने के उपायों से जुड़ी जानकारी के साथ आग बुझाने के विभिन्न तरीकों, अग्निशमन यंत्रों के संचालन से जुड़ी व्यवहारिक जानकारी, आग में फंसे लोगों को बचाने की तकनीक और प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी प्रदान की गयी।साथ ही बाबा मंदिर प्रांगण में मॉकड्रिल के अलावा मंदिर के आसपास के दुकानदारों को भी जानकारी दी गई कि मार्ग में अग्निशमन वाहन को गुजरते देखकर प्राथमिकता के आधार पर उसे रास्ता देना अनिवार्य है, क्योंकि समय पर अग्निशमन वाहन के पहुंचने पर जान-माल को आग में नष्ट होने से बचाया जा सकता है।
