पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने आज राष्ट्रभर में “वंदे मातरम्” गीत की 150वीं वर्षगांठ को अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।इस ऐतिहासिक अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आसनसोल के नये कॉन्फ्रेंस रूम में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया जो भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा समन्वित राष्ट्रव्यापी आयोजन के साथ समकालिक रूप से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक,आसनसोल मंडल श्रीमती विनिता श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारीगण तथा मंडल के कर्मचारी भी उपस्थित थे।सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का गायन कर राष्ट्रभक्ति और गर्व की भावना को अभिव्यक्त किया, जिसने सदियों से भारतीय जनमानस को प्रेरित किया है।
संस्कृति मंत्रालय के देशव्यापी सामूहिक गायन के आह्वान के अनुरूप, आसनसोल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों तथा कार्यालयों में भी “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया।यात्रियों, स्टेशन कर्मियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
“वंदे मातरम्” गीत, जिसे बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1875 में रचा था और बाद में अपनी प्रसिद्ध कृति आनंदमठ में सम्मिलित किया, भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक और राष्ट्रभक्ति का अमर गीत बन गया।
आसनसोल मंडल ने इस सामूहिक आयोजन के माध्यम से राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करते हुए भारत के इस प्रेरणादायक गीत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
