बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब एम्बुलेंस से हॉस्पिटल जा रही महिला भी सुरक्षित नहीं रह गई है।दरअसल एक 26 वर्षीय महिला गया में चल रहे होम गार्ड बहाली में शामिल होने आई थी।बहाली प्रक्रिया में फिजिकल टेस्ट के दौरान महिला बेहोश हो कर गिर गई।आनन फानन में बेहोश महिला को बहाली स्थल पर तैनात एम्बुलेंस से हॉस्पिटल भेजा गया।लेकिन हॉस्पिटल के रास्ते एम्बुलेंस में चार लोगों द्वारा उसके साथ बलात्कार किया गया।पीड़ित महिला के अनुसार हॉस्पिटल जाने के क्रम में रास्ते में उसे थोड़ा होश आ गया था।तभी एम्बुलेंस में सवार तीन से चार लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया।पुलिस के अनुसार घटना 24 जुलाई की बताई जा रही है।उस दिन बोध गया के बिहार मिलिट्री पुलिस ग्राउंड पर होमगार्ड चयन के लिए फिजिकल टेस्ट चल रहा था।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध- एम्बुलेंस चालक विनय कुमार और एम्बुलेंस में सवार टेक्नीशियन अजित कुमार को गिरफ्तार किया है।दोनों से पुलिस फिलहाल कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
एसएसपी गया ने बताया कि गया के सिटी एसपी द्वारा बोध गया के एसडीपीओ के नेतृत्व में एक SIT का गठन कर मामले की जांच की जा रही है।FSL टीम को भी जांच में लगाया गया है। पीड़िता का मेडिकल जांच करा कर उसका स्टेटमेंट रिकॉर्ड कर लिया गया है।
घटना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति की कड़ी आलोचना की है।
