बिहार के समस्तीपुर जिला में सरकारी आरटीपीएस (Right to Public Services) के जरिए ‘डोनाल्ड जॉन ट्रंप‘ के नाम आवासीय प्रमाण पत्र के लिए एक आवेदन आया है।29 जुलाई की तारीख अंकित इस आवेदन में आवेदक के पिता का नाम ‘फ्रेडरिक क्राइस्ट ट्रंप‘ और पता हसनपुर वार्ड संख्या 13 बाकरपुर पोस्ट, मोहिउद्दीन नगर ब्लॉक, समस्तीपुर लिखा हुआ है।
सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का फोटो और नकली आधार कार्ड लगा हुआ है।
आवेदन की गहन जांच के बाद मोहिउद्दीन नगर के राजस्व अधिकारी ने 4 अगस्त को इसे ख़ारिज कर दिया।
समस्तीपुर जिला प्रशासन ने आवासीय प्रमाण पत्र के लिए इस तरह के फर्जी
आवेदन को बिहार डिजिटल गवर्नेंस सिस्टम को बदनाम करने की साज़िश बताया है।
बिहार में SIR के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में मतदाताओं के लिए आवासीय प्रमाण पत्र को एक अनिवार्य डॉक्यूमेंट माना गया है। तब से इसके लिए फर्जी आवेदन की भरमार हो गई है।प्रशासन द्वारा इस तरह के फर्जी आवेदन करने वालों की तलाश कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गई है।
पिछले महीने पटना के मसौढी सर्किल ऑफिस में इसी तरह आवासीय प्रमाण पत्र के लिए‘ Dog Babu‘ के नाम से आवेदन आया था।हैरानी की बात है कि आवेदन में आवश्यक दस्तावेज की जगह एक Dog का फोटो भी अटैच किया गया था। यह मामला काफी वाइरल हुआ था।मामले में सर्किल ऑफिस के एक कर्मी की गिरफ्तारी भी हुई थी।ऐसे और भी कई मामले अन्य जिले से सामने आए हैं।
