मंगलवार को मुंबई से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम होने की सूचना मिलते ही अफरातफरी मच गई.विमान के दिल्ली के इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरने से पहले पूरे क्षेत्र में आपात स्थिति घोषित कर दी गई.
विमान के हवाई अड्डा पर उतरते ही इसे अलग कर दिया गया और यात्रियों सहित पूरे विमान की गहन जाँच की गई,लेकिन विमान में कहीं भी विस्फोटक बरामद नहीं हुआ.यह घटना यात्रा के दौरान इंडिगो फ्लाइट संख्या 6 E762 में हुई.विमान एयरबस A321neo में लगभग 200 यात्री सवार थे.
विमान में बम होने की जानकारी एक क्रू मेंबर द्वारा दी गई थी जिन्हें विमान के उड़ान भरने से कुछ ही देर बाद वाशरूम में हाथ से BOMB लिखा हुआ नोट मिला था. इसकी सूचना तुरंत पायलट को दी गई और पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट कर दिया.सुरक्षा मनकों का पालन करते हुए दिल्ली एयरपोर्ट में आपात स्थिति घोषित कर फ्लाइट के सुरक्षित हवाई अड्डे पर उतरने की सारी तैयारी शुरू कर दी गई.विमान के उतरते ही इसे रिमोट एरिया में ले जाया गया और सुरक्षा एजेंसी CISF और ब्यूरो ऑफ़ सिविल एविएशन सिक्योरिटी द्वारा पूरे विमान और सभी यात्रियों के समानों की सघन जाँच की गई लेकिन अच्छी बात यह हैँ कि कहीं भी कोई विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ और पूरा एपिसोड एक अफवाह साबित हुआ.
सुरक्षा एजेंसीज के क्लीयरेंस के बाद इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से सामान्य उड़ाने शुरू हुई.
