रेलवे ने शुभ श्रावणी मेला 2025 के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के उद्देश्य से आसनसोल और पटना के बीच एक स्पेशल अनारक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 03511/03512 आसनसोल-पटना-आसनसोल श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल ट्रेन इस त्यौहारी मौसम में यात्रा करने वाले कांवड़ियों और अन्य तीर्थयात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।
श्रावणी मेला में लाखों भक्त पवित्र गंगा जल लेकर बैद्यनाथ धाम स्थित पवित्र ज्योतिर्लिंग पर चढ़ाने के लिए सुल्तानगंज से देवघर तक नंगे पांव
पवित्र कांवर यात्रा करते हैं।मेले के धार्मिक महत्व के मद्देनजर रेलवे सहयोग करने के लिए निम्नलिखित स्पेशल ट्रेन परिचालन की सेवाएं प्रदान करेगा।
ट्रेन संख्या 03511/03512 आसनसोल-पटना-आसनसोल श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल ट्रेन निम्नलिखित दिनों पर चलेगी :-
03511 (आसनसोल-पटना) श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल 11.07.2025 और 09.08.2025 के बीच प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार, सोमवार, मंगलवार और बुधवार को चलेगी।यह ट्रेन आसनसोल से 17:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 01:30 बजे पटना पहुंचेगी। 03512 (पटना-आसनसोल) श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल 12.07.2025 और 10.08.2025 के बीच प्रत्येक शनिवार, रविवार, मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन पटना से 02:50 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन 10:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। उक्त ट्रेन आसनसोल मंडल क्षेत्राधिकार के दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में रुकेगी।
