आसनसोल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्री संरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से एक सक्रिय कदम उठाते हुए ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत जसीडीह रेलवे स्टेशन पर गहन रात्रि गश्त की।इस पहल का उद्देश्य चोरी की घटनाओं को रोकना और रेल यात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा अनुभव सुनिश्चित करना था।
उक्त अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों ने 8 अक्टूबर, 2025 को स्टेशन के मुख्य द्वार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा।उस संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे तुरंत सर्कुलेटिंग एरिया के पास पकड़ लिया गया।गहन जांच के बाद उस संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी बाद में यात्रियों से चोरी होने की पुष्टि हुई।गवाहों की उपस्थिति में सामान जब्त कर लिया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए उस संदिग्ध व्यक्ति को राजकीय रेलवे पुलिस जसीडीह को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई आसनसोल मंडल द्वारा यात्रियों के सामान की सुरक्षा और स्टेशनों पर सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल वातावरण प्रदान करने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का निरंतर गश्त, औचक निरीक्षण और चौबीसों घंटे निगरानी यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का आश्वासन देती है।
