भारतीय डाक विभाग ने अमेरिका के लिए सभी डाक सेवा को अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया है.इस माह के अंत तक अमेरिका में लागू हो रहे नये कस्टम नियमों का हवाला देते हुए भारतीय डाक विभाग ने शनिवार को 25 अगस्त 2025 से अमेरिका के लिए सभी डाक सेवा निलंबित करने का फैसला किया है.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर 25% टैरिफ़ लगाने और रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए अतिरिक्त 25% दंडात्मक टैरिफ़ थोपने के कारण आये व्यापारिक तनाव के मद्देनज़र भारतीय डाक विभाग ने यह निर्णय लिया है.
एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिये डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि 29 अगस्त से अमेरिका के लिए भेजे जाने वाले सभी डाक चाहे उनका वैल्यू जो भी हो इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट(IEEPA)के मानक के तहत देश विशेष के लिए निर्धारित कस्टम नियमों के अधीन आ जाते हैं.हालांकि 100 अमेरिकी डॉलर तक के गिफ्ट आइटम पर छूट रहेगी.
भारतीय डाक विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विभाग सभी हितधाराकों से विचार विमर्श कर स्थिति को यथा संभव सामान्य करने की कोशिश कर रहा है.
