सोमवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एयरफोर्स के एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट के दुर्घटनाग्रस्त हो कर एक स्कूल कैंपस के उपर गिरने से 19 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 से अधिक लोग जख्मी हो गए हैं।दुर्घटना के समय माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। दुर्घटनाग्रस्त विमान F-7BGI बांग्लादेश एयरफोर्स का था, बांग्लादेश आर्मी के अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।फायर सर्विस और सिविल डिफेंस डायरेक्टर जनरल मोहम्मद जाहेद कमाल ने घटना में 19 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।60 से अधिक लोगों को,जिनमें बच्चे और बड़े शामिल हैं,गंभीर रूप से झुलसे हालत में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी संस्थान में भर्ती कराया गया है। स्कूल के छात्र ने बताया कि स्कूल में एलीमेंटरी से बारहवी कक्षा तक पढ़ाई होती है। स्कूल में तकरीबन 2000 छात्र पढ़ाई करते हैं।
बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर मोहम्मद युनूस ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।उन्होंने अपने संदेश में घटना में मारे गए एयरफोर्स के जवान, स्कूली बच्चे, कॉलेज के छात्र,शिक्षक , अविभावक और कर्मचारी सहित आम लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घटना को एक राष्ट्रीय क्षति बताया है। घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
चीफ एडवाइजर मोहम्मद युनूस के प्रेस सलाहकार द्वारा घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए देश में एक दिन(मंगलवार)का शोक मानने का निर्णय लिया गया है।
