आसनसोल मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के दमोदर सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हिंदी पखवाड़ा-2025 का शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक महोदया के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर समस्त शाखा अधिकारीगण एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक महोदया द्वारा माननीय रेल मंत्री के “हिंदी दिवस संदेश-2025” को पढ़ कर सुनाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रेमचंद जयंती के अवसर पर 31 जुलाई, 2025 को अधिकारियों के लिए आयोजित हुए वाक् प्रतियोगिता मे सफल प्रतिभागियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा ट्रॉफी और पुस्तक देकर सम्मानित किया गया।साथ ही मंडल रेल प्रबंधक ने इस कार्यक्रम में अगस्त,2025 में डीजल शेड/अंडाल में आयोजित 05 दिवसीय हिंदी कार्यशाला के 06 सफल प्रतिभागियों को भी ट्रॉफी और पुस्तक देकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि पखवाड़ा के शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर अधिकारियों के लिए हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन गया, जिसमें अधिकारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।मंडल रेल प्रबंधक महोदया ने अपने अभिभाषण में कहा कि हिंदी के प्रचार और प्रयोग-प्रसार करना हमारा संवैधानिक दायित्व है। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि अहिंदी भाषी भी हिंदी को आज सम्मान दे रहे हैं और इसके प्रचार-प्रसार में अपना योगदान दे रहे हैं जो एक शुभ संकेत है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण के अंतर्गत द्वितीय पाली में अधिकारियों के बच्चों के लिए जूनियर वर्ग एवं सीनियर वर्ग के अंतर्गत क्रमशः काव्य-पाठ प्रतियोगिता एवं वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इनमें सफल प्रथम 06-06 प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान है।
उल्लेखनीय है कि राजभाषा पखवाड़ा-2025 का समापन समारोह 25.09.2025 को निर्धारित है।
