आदिवासी कुर्मी समाज के आंदोलन के कारण 20 सितम्बर को पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल की ट्रेन परिचालन सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहीं।हालांकि उक्त आंदोलन का कारण रेलवे से संबंधित नहीं था।
आसनसोल मंडल ने यात्रियों को हुई असुविधा को कम करने के लिए त्वरित कदम उठाए।विशेष रूप से धनबाद जाने वाले यात्रियों के ट्रेन संख्या 12019 (रांची शताब्दी एक्सप्रेस) और 22303 (गया वंदे भारत एक्सप्रेस) के प्रभावित यात्रियों के लिए बसों की व्यवस्था की गई।उक्त ट्रेनों के रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को समय पर पूरा किराया वापस किया गया। मार्गदर्शन और अद्यतन यात्रा की जानकारी प्रदान करने के लिए आसनसोल स्टेशन पर एक समर्पित हेल्प डेस्क सहित सूचना काउंटर स्थापित किए गए।प्रभावित ट्रेनों के यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन रद्दकरण,मार्ग परिवर्तन,संक्षिप्त समापन या संक्षिप्त प्रारंभ से ट्रेन परिचालन संबंधी जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर बल्क एसएमएस के माध्यम से और स्टेशनों पर जन संबोधन प्रणाली के माध्यम से लगातार प्रसारित की गई।
आसनसोल मंडल ने मौजूदा स्थिति का सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने और यात्रियों को अधिकतम सहायता प्रदान करने के लिए धनबाद मंडल के साथ मिलकर काम किया।
आसनसोल मंडल के अनुसार यात्रियों की संरक्षा,आराम और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस व्यवधान के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास किया गया।
फिर भी यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए रेलवे ने अत्यंत खेद व्यक्त किया है।
