स्वच्छता पखवाड़ा 2025 एवं विशेष अभियान 5.0 के तहत आसनसोल मंडल, पूर्व रेलवे द्वारा 05 अक्टूबर 2025 को “स्वच्छ रेलगाड़ी” दिवस आयोजित किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य ट्रेनों में उच्च स्तर की स्वच्छता सुनिश्चित करना एवं यात्रियों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं स्वच्छ यात्रा अनुभव प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर मंडल के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों की टीमों द्वारा निर्धारित ट्रेनों में गहन निरीक्षण किया गया। ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की गई तथा विशेष रूप से शौचालयों, पैंट्री कारों, लिनेन की स्वच्छता एवं यात्री क्षेत्रों की सफाई पर ध्यान केंद्रित किया गया।
यात्रियों को जागरूक करने हेतु कोचों में “क्या करें और क्या न करें” संबंधी पोस्टर प्रदर्शित किए गए।इन पोस्टरों में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा पृथक्करण एवं गंदगी फैलाने से बचने जैसे संदेशों को प्रमुखता से दर्शाया गया जिससे यात्री अपनी यात्रा के दौरान स्वच्छता के उत्तम व्यवहार अपना सकें।
इस अभियान के माध्यम से पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने स्वच्छ रेलगाड़ियों एवं बेहतर यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया तथा यात्रियों से अनुरोध किया कि वे रेल प्रशासन के प्रयासों में सहयोग कर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा वातावरण बनाए रखने में सहभागी बनें।
