स्वच्छता पखवाड़ा 2025 और विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत, पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने अपने क्षेत्राधिकार में व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता पहल की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थलों, आवासीय कॉलोनियों और सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखना, उचित कचरा निपटान को बढ़ावा देना और यात्रियों एवं निवासियों में नागरिक उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित करना था।
रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ आवासीय परिवेश सुनिश्चित करने हेतु रानीगंज, जसीडीह और बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन कॉलोनियों में गहन सफाई अभियान चलाए गए। बराकर रेलवे कॉलोनी में भी इसी तरह के अभियान चलाए गए जिसमें आवासीय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों के रखरखाव पर ज़ोर दिया गया।
आसनसोल स्टेशन पर, यात्रियों को आरामदायक और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतीक्षालय और प्लेटफ़ॉर्म कार्य क्षेत्रों की सफाई की गई।अंडाल स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय निवासियों को स्वच्छता बनाए रखने और ज़िम्मेदारी से कचरा निपटान अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु जन जागरूकता कार्यक्रमों के साथ अभियान को आगे बढ़ाया गया।
इस अभियान के तहत, पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधन (ई.एन.एच.एम.) विभाग के रेलवे अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्यों के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट वितरित किए। ई.एन.एच.एम. विभाग के रेलवे कर्मचारियों ने कचरा जमा होने से रोकने और समग्र स्वच्छता बनाए रखने के लिए रेलवे कॉलोनियों में कूड़ेदानों की विशेष रूप से सफाई भी की।
इन पहलों के माध्यम से आसनसोल मंडल स्वच्छ कार्यस्थलों, स्वच्छ आवासीय कॉलोनियों और नागरिक उत्तरदायित्व के महत्त्व पर ज़ोर दे रहा है, जो स्वच्छता पखवाड़ा 2025 और विशेष अभियान 5.0 के तहत एक स्वस्थ, हरित और टिकाऊ रेलवे ईको सिस्टम (पारिस्थितिकी तंत्र) के दृष्टिकोण से अच्छी पहल कही जा सकती है।
