विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत, पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने आज आसनसोल, मधुपुर, रानीगंज, पांडवेश्वर और दुर्गापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर गहन मशीनीकृत सफाई अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्री सुविधाओं को बढ़ाना, स्वच्छता मानकों में सुधार लाना और स्टेशन परिसर में साफ़-सफ़ाई सुनिश्चित करना था।
सफ़ाई गतिविधियों में प्लेटफ़ॉर्म, परिभ्रमण क्षेत्र, प्रतीक्षालय, पहुँच मार्ग, पटरियाँ और शौचालय परिसर शामिल थे, जहाँ मशीनीकृत स्क्रबर, हाइ प्रेसर जेट क्लीनर और वैक्यूम-आधारित मशीनों का उपयोग करके गहन सफाई की गई। अनुपयोगी सामग्रियों को हटाने, नालियों की सफाई और साइनेज बोर्ड व प्लेटफ़ॉर्म फ़र्नीचर की धुलाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
आसनसोल जंक्शन पर, समर्पित टीमों ने यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और उसके बाद प्लेटफार्मों और नालियों की पूरी तरह से मशीनीकृत धुलाई की। मधुपुर और दुर्गापुर में, फुट ओवरब्रिज, वाटर बूथ और सर्कुलेटिंग एरिया की गहन सफाई की गई। पांडबेश्वर और रानीगंज स्टेशनों पर स्टेशन कर्मचारियों, स्वास्थ्य निरीक्षकों और हाउसकीपिंग कर्मियों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
विशेष अभियान 5.0 का उद्देश्य रिकॉर्ड प्रबंधन, कबाड़ निपटान और सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव जैसी लक्षित गतिविधियों के माध्यम से सार्वजनिक सेवा वितरण में स्वच्छता, दक्षता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है। आसनसोल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्रीय निरीक्षणों और नियमित फीडबैक के माध्यम से प्रगति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
आसनसोल मंडल निरंतर स्वच्छता अभियान, यात्री सुविधा और परिचालन दक्षता को प्राथमिकता दे रहा है और इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत एक स्वच्छ और हरित रेलवे वातावरण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
