स्पेशल अभियान 5.0 के हिस्से के तौर पर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने सिउड़ी, सीतारामपुर और मधुपुर रेलवे स्टेशनों पर अमृत संवाद का आयोजन किया – ये सभी स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं।इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे अधिकारियों और यात्रियों के बीच संवाद के लिए एक प्रत्यक्ष प्लेटफॉर्म बनाना है, ताकि अमृत काल विज़न और प्रधानमंत्री द्वारा निदेशित पांच प्रण सिद्धांतों के अनुसार भागीदारी वाली गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जा सके।
सिउड़ी में यह सत्र वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पर्यावरण और हाउसकीपिंग मैनेजमेंट) और सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने पर्यावरण और हाउसकीपिंग मैनेजमेंट तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के साथ आयोजित किया गया, जबकि सीतारामपुर और मधुपुर में इसी तरह का संवाद कर्मचारियों के साथ मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक के नेतृत्व में हुआ।उक्त संवाद में स्टेशन के पुनर्विकास की प्रगति, मौजूदा सुविधाओं पर चर्चा की गई और साथ ही इस अभियान के तहत यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के सुझावों पर चर्चा की गई।यात्रियों ने साफ-सफाई, इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्री सुविधाओं पर महत्त्वपूर्ण राय दिए और उन्हें साफ-सुथरा परिवेश बनाए रखने में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम बंगाल में सिउड़ी और सीतारामपुर स्टेशनों तथा झारखंड में मधुपुर स्टेशन के पुनर्विकास में स्टेशन के बाहरी हिस्से का आधुनिकीकरण, सर्कुलेटिंग और पार्किंग क्षेत्रों को अपग्रेड करना, बेहतर प्लेटफॉर्म शेल्टर, नए साइनेज प्रणाली, कोच इंडिकेशन बोर्ड, रिटायरिंग रूम और शौचालय के साथ-साथ नए प्रतीक्षालय और स्थानीय विरासत का कलात्मक संवर्धन शामिल है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से कचरा न फैलाकर और कूड़ेदान का इस्तेमाल करके नागरिक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया और साथ ही इस बात पर ज़ोर दिया कि सार्वजनिक साफ-सफाई एक साझा कर्तव्य है जो सामूहिक गौरव और अनुशासन को दर्शाता है।
