डीएसए फुटबॉल टीम ने जीता आसनसोल गोल्ड कप 2026; भारोत्तोलन टीम बनी जिला चैंपियन-
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने पश्चिम बर्धमान जिले में आयोजित फुटबॉल एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। ये उपलब्धियां मंडलीय खेल संघ (DSA), आसनसोल की टीमों द्वारा हासिल की गई हैं।
डीएसए/आसनसोल/पूर्व रेलवे की फुटबॉल टीम ने आसनसोल उपमंडल द्वारा आयोजित आसनसोल गोल्ड कप 2026 प्रतियोगिता में उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता।
डीएसए/ईआर/आसनसोल की भारोत्तोलन टीम ने पश्चिम बर्धमान भारोत्तोलन चैम्पियनशिप–2026 में चैंपियनशिप हासिल की। राणा सामंता (71 किग्रा) ने कुल 210 किग्रा भार (स्नैच: 95 किग्रा एवं क्लीन एंड जर्क: 115 किग्रा) उठाया, जबकि बृजेश कुमार राउत (79 किग्रा) ने 220 किग्रा (स्नैच: 95 किग्रा एवं क्लीन एंड जर्क: 125 किग्रा) का प्रदर्शन किया। समीम अंसारी (88 किग्रा) ने 180 किग्रा, शिलाजीत रॉय (60 किग्रा) ने 140 किग्रा, देव कुमार मंडल (65 किग्रा) ने 150 किग्रा तथा सुमित सोनार (110 किग्रा) ने 170 किग्रा भार उठाया।
आसनसोल के मंडल रेल प्रबंधक, जो डीएसए/आसनसोल के अध्यक्ष भी हैं, ने विजेताओं को बधाई दी तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की। मंडल रेल प्रबंधक ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खेल अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, आसनसोल के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
ये उपलब्धियां आसनसोल मंडल द्वारा रेलवे कर्मचारियों में खेल, अनुशासन एवं टीम भावना को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती हैं, जो समग्र विकास एवं संगठनात्मक उत्कृष्टता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती हैं।
