तत्पर निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई से यात्री का सामान हुआ बरामद-
आसनसोल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल ने एक त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी निगरानी की सहायता से जसीडीह रेलवे स्टेशन पर लगेज चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया तथा यात्री का चोरी हुआ सामान बरामद किया।
एक यात्री द्वारा रात्रि के समय जसीडीह रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में विश्राम के दौरान उसका सूटकेस चोरी हो जाने की सूचना आरपीएफ पोस्ट/जसीडीह को दी गई। शिकायत प्राप्त होते ही आरपीएफ कर्मियों ने स्टेशन परिसर में स्थापित सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
फुटेज की जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी हुए सूटकेस के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 05 की ओर जाते हुए देखा गया। उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर आरपीएफ अधिकारियों ने स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तत्काल तलाशी अभियान चलाया तथा संदिग्ध व्यक्ति को प्लेटफॉर्म संख्या 05 के देवघर छोर के निकट पकड़ लिया।
बरामद सूटकेस की शिकायतकर्ता की उपस्थिति में जांच की गई, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, कपड़े एवं अन्य निजी सामान सुरक्षित पाए गए। बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग 10,000 रुपये है। बाद में पकड़े गए व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपीएस/जसीडीह को सौंप दिया गया।
मामले का सफल खुलासा यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आसनसोल मंडल के आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं सीसीटीवी निगरानी के प्रभावी उपयोग को दर्शाता है।
आसनसोल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा लावारिस सामान की सूचना तुरंत आरपीएफ या रेलवे अधिकारियों को दें।यात्रियों से रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन का उपयोग करने एवं सुरक्षित, संरक्षित एवं यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने का भी अनुरोध किया गया है।
