देवघर, झारखंड।

बिहारीलाल सर्राफ +2 विद्यालय, रिखिया, मोहनपुर, देवघर के शिक्षक धीरेन्द्र कुमार भारती को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों के सफल प्रयोग, विद्यालय में स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के प्रभावी संचालन तथा गतिविधि आधारित शिक्षण को सशक्त रूप से लागू करने के लिए प्रतिष्ठित बिरसा मुंडा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026 से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान छत्तीसगढ़ के चम्पारण राजिम में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में देश के 28 राज्यों से चयनित 178 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण कार्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए गए प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
धीरेन्द्र कुमार भारती को विद्यालय में बच्चों के साथ किए जा रहे नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्यों, स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व और समर्पण से विद्यालय में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं छात्र-केंद्रित बनी है।
उनकी यह उपलब्धि न केवल विद्यालय एवं देवघर जिले, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गौरव का विषय है। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि श्री भारती भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
इनकी यह उपलब्धि शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी रहेगी।
