आसनसोल मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आज विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर एक मोबाइल चोर को पकड़कर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्री संरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
लगभग 06.20 बजे ट्रेन संख्या 13319 एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर पहुंची, तभी पीछे के जनरल कोच में यात्रियों ने “चोर-चोर” चिल्लाकर शोर मचाया।तदुपरांत जामताड़ा पोस्ट के ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मी तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर यथाशीघ्र पहुंचे, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मी ने एक व्यक्ति को रेलवे ट्रैक के किनारे भागते हुए देखा और उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया।
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत जांच के दौरान उस व्यक्ति के पास से एक रियलमी (Realme) मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके चोरी होने का संदेह था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आरोपी भाग नहीं पाया और मोबाइल भी बरामद हो गया।
जामताड़ा के सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) ने उक्त मामले का विस्तृत जांच किया, जिसके दौरान आरोपी ने ट्रेन नंबर 13319 एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री से मोबाइल चुराने की बात कबूल की।कोच में वह महिला यात्री जिसका मोबाइल चोरी किया गया था, को ढूंढने की शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं।इसके बाद बरामद फोन पर कॉल करने पर पुष्टि हुई कि बरामद किया गया मोबाइल उसी महिला का है और उसे जीआरपी मधुपुर से इसे लेने की सलाह दी गई।
बरामद किया गया मोबाइल का उचित दस्तावेज़ीकरण करने के बाद जीआरपी मधुपुर को सौंप दिया गया और आरोपी को लिखित शिकायत के साथ हिरासत में ले लिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जामताड़ा की त्वरित और समन्वित कार्रवाई यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने में आसनसोल मंडल की सतर्कता और समर्पण को दर्शाती है।पूर्व रेलवे/आसनसोल मंडल ने सुरक्षित यात्रा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते है और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मचारियों की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए उनकी सराहना की है।
