के.के.एन स्टेडियम में होगा आयोजन; स्थानीय और बॉलीवुड कलाकार से सजेगा मंच….
बाबा नगरी देवघर में कला, संस्कृति और भक्ति के संगम 'राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव-2026' की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने जानकारी दी कि स्थानीय केकेएन स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव का भव्य उद्घाटन 16 मार्च को अपराह्न 04:00 बजे किया जाएगा।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ देश की समृद्ध लोक कला और संस्कृति को बढ़ावा देना है।आयोजन के तीनों दिन (16, 17 और 18 मार्च) शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राज्य स्तरीय और बॉलीवुड के नामचीन कलाकार शिरकत करेंगे।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण निम्नलिखित हैं….
प्रथम दिन (16 मार्च): उद्घाटन के पश्चात शाम 4:30 बजे से पाईका नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति होगी।इसके बाद धनंजय नारायण खवाड़े ग्रुप, संजीव परिहस्त ग्रुप, हर्षप्रीत कौर एवं ग्रुप और अंत में अजित-मनोज के भक्तिपूर्ण भजनों से शाम सजेगी।
द्वितीय दिन (17 मार्च): शास्त्रीय संगीत और गायन को समर्पित इस शाम में जितेन्द्र मंडल ग्रुप, शिवांगी (क्लासिकल सोलो), रेणु खवाड़े और स्वराभ्युदय संगीत गुरूकुल की प्रस्तुतियाँ होंगी।मुख्य आकर्षण 'इंडियन आइडल' फेम पूजा चटर्जी का गायन रहेगा।
तृतीय दिन (18 मार्च): अंतिम दिन की शुरुआत संभव कला जत्था द्वारा झूमर नृत्य से होगी। मानसी तिवारी और स्निग्धा यादव की प्रस्तुति में लोक कालाओं की झलक दिखेगी।बॉलीवुड गायिका मधुबंती बागची अपनी सुरीली आवाज़ से महोत्सव का भव्य समापन करेंगी।
लोक कलाओं को मिलेगा बढ़ावा….
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से पारंपरिक लोक नृत्य विधाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष ज़ोर दिया जा रहा है।यह आयोजन न केवल दर्शकों को अपनी संस्कृति से रूबरू कराएगा बल्कि लोक कलाकारों को एक सशक्त राष्ट्रीय मंच भी प्रदान करेगा।ऐसे में जिला प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की है कि इस सांस्कृतिक महाकुंभ में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।
