छठ पूजा के अवसर पर स्पेशल ट्रेनें चलाने से यात्रियों को काफी फायदा होता है।ये स्पेशल ट्रेनें बढ़ती यात्रा की मांग को पूरा करेंगी और छठ मनाने जाने वाले लोगों के लिए ज्यादा सुविधाजनक और कुशल आवागमन का विकल्प देंगी।रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए हावड़ा और गोरखपुर के बीच एक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
03047 हावड़ा – गोरखपुर अनारक्षित छठ स्पेशल 26.10.2025 को हावड़ा से 16:50 बजे रवाना होगी और अपनी यात्रा के अगले दिन 10:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी तथा 03048 गोरखपुर – हावड़ा अनारक्षित छठ स्पेशल 27.10.2025 को गोरखपुर से 13:00 बजे रवाना होगी और अपनी यात्रा के अगले दिन 08:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। उक्त ट्रेन दोनों दिशाओं में अपने रास्ते में बैण्डेल, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान और देवरिया सदर स्टेशनों पर रुकेगी।
पूर्व रेलवे को त्योहारों के मौसम में भारी भीड़ और ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है, जिससे भगदड़, जेबकतरों, नशाखोरी और तोड़-फोड़ जैसी सुरक्षा चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।इसको ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।भीड़ को नियंत्रित करने और संभावित भगदड़ जैसी स्थितियों को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म, फुट-ओवर ब्रिज और स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ कर्मियों को तैनात किया गया है।
