देवघर ऐम्स में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण सम्मेलन का सफल आयोजन हुआ।कार्यक्रम में विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया और इसके लिए किए जा रहे प्रयासों को और भी मजबूती के साथ लागू करने पर आम सहमति व्यक्त की गई।
सम्मेलन में मेडिकल और डेंटल कॉलेज के संकाय सदस्य, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, जिला प्रशासन, वाणिज्य मंडल के सदस्य,पंडा धर्मरक्षणी सभा के प्रतिनिधि और वाइटल स्ट्रेटजीस के विशेषज्ञ शामिल हुए।
देवघर के उपविकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने तम्बाकू की आपूर्ति और मांग पर शोध,इसकी आसान उपलब्धता पर नियंत्रण और व्यावहारिक परिवर्तन के जरिए खपत घटाने पर बल दिया।
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण देवघर ऐम्स की तम्बाकू नियंत्रण परियोजना ( वाइटल स्ट्रेटजीस द्वारा वित्त पोषित) की रिपोर्ट का विमोचन था। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य देवघर को तम्बाकू मुक्त जिला बनाने के लिए साक्ष्य आधारित हस्तक्षेपों को आगे बढ़ाना है,जिसमें जन जागरूकता,नीति प्रवर्तन और हितधारकों के सहयोग पर विशेष जोर है।
कार्यक्रम को डीन (शैक्षणिक) डीन(अनुसंधान) डीन(छात्र कल्याण) और चिकित्सा अधीक्षक का पूरा सहयोग रहा जिन्होंने संस्थान की सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम के तहत नवीन तम्बाकू नियंत्रण रणनीतियों पर ई-पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई,जिसमें प्रतिभागियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टकोण को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में देवघर ऐम्स के कार्यकारी निदेशक ने सभी हितधारकों की सहयोग भावना की सराहना की और अनुसंधान,शिक्षा और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से तम्बाकू उपयोग को कम करने के प्रति देवघर ऐम्स की प्रतिबद्धता को दोहराया।
