राजकीय श्रावणी मेला, 2025 की तीसरी सोमवारी पर देवघर में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद की जा रही है। जानकारों के अनुसार श्रावण मास शुक्ल पक्ष की पहली सोमवारी होने के कारण अधिक से अधिक की संख्या में श्रृद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण करने देवघर पहुंच सकते हैं। सुल्तानगंज से भी बड़ी संख्या में कांवरियों के जल लेकर बाबा धाम के लिए प्रस्थान करने की सूचना है।भीड़ नियंत्रण और कतारवद्ध जलार्पण प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है।मेला के सफल संचालन को लेकर देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डुंगडुग द्वारा संयुक्त रूप से बी.एड. कॉलेज प्रांगण में प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी, अधिकारी एवं बाहर से आए पुलिस अधिकारियों को सामूहिक रूप से ब्रीफ किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि विनम्रता और सेवाभाव के साथ श्रावणी मेला हेतु पूरी तरह सजग रहे, क्योंकि श्रावणी मेला के दौरान खासकर सोमवारी के दिन सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में श्रावणी मेला की तीसरी सोमवारी को इतनी बड़ी तादाद में देवघर आने वाले कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण जैसी चुनौतियों का सामना बिना सजगता के नहीं किया जा सकता है।उपायुक्त ने कहा कि आप सभी का यह ध्येय होना चाहिये कि जितना हो सके श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण करायें, ताकि कतार लगातार आगे बढ़ते रहे।साथ हीं उपायुक्त ने कहा कि यह हम सभी के लिए जरूरी है कि हम सभी पूरी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें; ताकि दूसरे राज्यों से यहां आने वाले लोग हमारे राज्य की एक अच्छी छवि लेकर यहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर सकें। उपायुक्त ने सभी को निदेशित किया कि श्रद्धालुओं की कतार बिना गैप के आगे बढ़ते रहें, इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखें।साथ ही उपायुक्त ने सभी को शालिनता और सेवाभाव से श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा और सहयोग मुहैया कराने की बात कही।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डुंगडुग ने कहा कि मेला में प्रतिनियुक्त बाहर से आए सभी दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी यहां के माहौल से परिचित हो चुके हैं।ऐसे में क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष रूप से ध्यान रखने की जरूरत है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण कराया जा सके और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न न हो। भीड़ नियंत्रण करने में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।उन्होंने कहा कि सभी ओपी एवं यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के ऑफिसर होंगे एवं उन सभी का यह दायित्व होगा कि वे यह देखें कि उनके निर्धारित क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
