रविवार सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मच गई।घटना में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। एसडीआरएफ की तीन टीम को तुरंत घटना स्थल पर भेजा गया जिनकी देखरेख में बचाव और राहत कार्य किया जा रहा है।हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार घटना में छह लोगों की मौत हुई है और लगभग डेढ़ दर्जन घायल है।घायलों को हॉयर मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है।घटना के कारण की सही जानकारी का पता अभी नहीं चल सका है लेकिन कुछ प्रत्यक्ष दर्शियो से मिली फीड बैंक के अनुसार सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच जब श्रृद्धालु मंदिर की सीढ़ियां चढ़ रहे थे तभी किसी ने मंदिर के पाथवे पर बिजली का करंट दौड़ने की बात कह कर जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।जान बचाने के लिए लोग इधर उधर भागने लगे जिससे भगदड़ मच गई।घटना के बाद मंदिर का गेट बंद कर दिया गया और श्रद्धालुओं को वापस लौटा दिया गया।
हरिद्वार के शिवालिक पहाड़ी स्थित बिल्व पर्वत पर मनसा देवी को समर्पित यह मंदिर हिन्दुओं की पौराणिक आस्था का केंद्र है।हर की पौड़ी से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग डेढ़ किलोमीटर की चढ़ाई करनी पड़ती है या रोपवे के जरिए मंदिर पहुंचने का रास्ता है।
