देवघर में राजकीय श्रावणी मेला, 2025 की दूसरी सोमवारी को प्रातः 04:07 से मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया।आज दूसरी सोमवारी के साथ एकादशी तिथि होने से कामना लिंग के जलार्पण का विशेष महत्व बताया जा रहा है। यही कारण है कि आज बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।अहले सुबह से ही शिवभक्तों की गूंज से पूरा रुटलाईन गुंजायमान हो रहा है और सभी कांवरिया कतारबद्ध होकर बाबा का जयघोष करते हुए जलार्पण के लिए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा कतारबद्ध पूजा कराने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है।पूरी रूट लाइन में पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग द्वारा खुद पूरे मेला क्षेत्र की मॉनिटरिंग की जा रही है।फिर भी शिवभक्तों को व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।आज शाम तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए बाबा मंदिर पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।
