कर्नाटक सहित कई राज्यों में करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले रोहन सलदाना को मंगलूरू सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।रोहन को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक रोहन बड़े बिजनेसमैन और रियल स्टेट के कारोबारी को अपना निशाना बनाता था।500 करोड़ से अधिक का लोन दिलाने के बहाने रोहन उन्हें अपने जाल में फंसाता था। इतनी बड़ी रकम के लोन के लिए 50 लाख से 4 करोड़ की राशि बतौर प्रोसेसिंग फीस और लीगल क्लीयरेंस वह अपने क्लाइंट से वसूल करता था और फिर फरार हो जाता था।
लेकिन इन सबसे अलग एसीपी रवीश नायक के नेतृत्व में हुई इस रेड में उसके घर की शाही शान शौकत देख पुलिस भी आश्चर्यचकित रह गई। उसके घर में कई हिडेन चैंबर,सीक्रेट स्टैरवेज,लग्जरी बार और कई जगहों पर लगे हाई डेफिनिशन सीसी टीवी कैमरे सहित कीमती सजावटी पौधे जिनकी कीमत लाखों में है, कीमती शराब और शेंपेन की वेरायटी देख पुलिस की आंखे खुली की खुली रह गई।पुलिस ने उसके घर से कई ब्लैंक चेक,667 ग्राम गोल्ड के गहने,हीरे की अंगूठी सहित और भी कई कीमती समान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक रोहन के खिलाफ गोआ, बंगलुरू, मंग्लुरू, चित्रदुर्ग, पुणे, कोलकाता, सांगली, लखनऊ सहित कई अन्य शहरों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।धोखाधड़ी के ज़रिए रोहन ने तकरीबन 200 करोड़ की संपत्ति अर्जित की है। पुलिस फिलहाल और भी तफ्तीश से तहकीकात कर रही है।
