देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डुंगडुंग की अध्यक्षता में आज दिनांक 04.06.2025 को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय सभागार में सबंधित अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था के अलावा रुटलाइन की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों, कार्यपालक अभियंता और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने माननीय राष्ट्रपति की प्रस्तावित दो दिवसीय देवघर यात्रा के मद्देनजर उनके आवागमन वाले प्रस्तावित सभी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के अलावा सड़क की मरम्मत को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों से प्रोटोकॉल के मुताबिक ससमय तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को देवघर एयरपोर्ट, बाबा मंदिर, सर्किट हाउस और एम्स स्तिथ कार्यक्रम स्थल समेत सभी प्रमुख जगहों पर नोडल अधिकारी की तैनाती के अलावा माननीय राष्ट्रपति के आवागमन वाले मार्ग में व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने एक दूसरे के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।साथ ही भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया। फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य सुविधा, एम्बुलेंस, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
