चीन के किंगदाओ शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के रक्षा मंत्रीयो की बैठक में भाग लेने चीन के दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डॉन जून से मुलाकात की।बैठक में दोनों देशों के बीच नए सिरे से संबंधों को और बेहतर करने के प्रयास किए जाने और आपस में सामंजस्य बना कर चलने पर सहमति जताई गई।
दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों की तल्खी का पुराना इतिहास रहा है लेकिन हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय के नए अध्याय की शुरुआत हुई है।खास कर इसकी शुरुआत 2024 में पूर्वी लद्दाख के डिपसंग और डेमचोक क्षेत्र से सैनिकों की वापसी से हुई है।इन आपसी संबंधों को और भी पुख्ता आधार मिला जब पांच वर्षों के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुरुआत हुई।इस यात्रा के फिर से शुरू किए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की।यह यात्रा अगले 30 जून से शुरू हो रही है।यह यात्रा 10 जुलाई को लिपुलेख पास हो कर चीन में प्रवेश करेगी और तीर्थयात्रियों का अंतिम जत्था 22 अगस्त को चीन से भारत के लिए प्रस्थान करेगा।
एडमिरल डॉन जून के साथ मुलाकात के क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें मधुबनी पेंटिंग का स्मृति चिन्ह भेंट की। मधुबनी पेंटिंग बिहार के मिथिला की धरोहर मानी जाती है।
