रविवार को सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायाधीश सूर्यकांत देवघर पहुंचे।एयरपोर्ट पर आगमन के पश्चात त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अपरेश सिंह, झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण मिश्र, देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डुंगडुंग ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
इसके पाश्चत सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सूर्यकांत ने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। देवघर मंदिर में तीर्थपुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ उन्हें संकल्प कराया गया। इसके पश्चात सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश द्वारा द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गयी।
पूजा अर्चना के बाद मौके पर उपस्थित देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सूर्यकांत को भेंट स्वरूप स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद प्रदान किया।
इस मौके पर झारखंड उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल मनोज प्रसाद, जिला सत्र न्यायाधीश, अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी, दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
