झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी एवं देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने सदर अस्पताल और एम्स पहुंचकर सुबह मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं और उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।इस दौरान चिकित्सकों की निगरानी में इलाजरत सभी घायलों से बातचीत करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना।मंत्री ने सिविल सर्जन और देवघर एम्स निर्देशक को विशेष ध्यान देने का निदेश दिया ताकि घायलों के इलाज़ में किसी तरह की कमी नहीं रह जाए।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने जानकारी दी कि हादसे में चालक समेत 06 श्रद्धालुओं की मौत हुई है और 24 श्रद्धालु घायल है जिनमें 08 श्रद्धालुओं का देवघर एम्स में इलाज चल रहा है।मंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन कोष से 01 लाख रुपए और बाबा मंदिर कल्याण कोष से 20 हजार रूपए और घायलों को बाबा मंदिर कल्याण कोष से 20 हजार रूपए प्रदान किए जाने की घोषणा की।आगे उन्होंने कहा कि सभी घायलों का मुफ्त इलाज कराया जा रहा है।साथ ही सभी तरह की जांच, दवा और इलाज की मुफ्त व्यवस्था करायी जा रही है।मंत्री ने कहा कि घायल और मृतकों को उनके घर भेजने की व्यवस्था भी जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी।
इस दौरान देवघर के विधायक सुरेश पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष, बीस सूत्री उपाध्यक्ष, सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी, एम्स निर्देश डॉ सौरभ वार्ष्णेय जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, चिकित्सकों की टीम एवं संबंधित अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थें।
