देवघर एम्स में छठा वार्षिक दिवस (Annual Day) धूमधाम से मनाया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और बतौर विशिष्ट अतिथि स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे उपस्थित थे।
इस दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं डॉ. निशिकांत दुबे द्वारा केंद्रीय पुस्तकालय, सीटी स्कैन एवं कैथ लैब सेवाओं का उद्घाटन किया गया और इन्हें जन सेवा में समर्पित किया गया।बताया गया कि ये नयी सुविधाएं एम्स देवघर की चिकित्सा एवं शोध सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएंगी।
वार्षिक दिवस के उपलक्ष्य में एमबीबीएस 2021 बैच के राजा बाबू को सर्वश्रेष्ठ एमबीबीएस छात्र पुरस्कार प्रदान किया गया, वहीं तंद्रा दास को सर्वश्रेष्ठ बीएससी नर्सिंग छात्रा के पुरस्कार से नवाज़ा गया।इसके अतिरिक्त आएशि मोंडल (बीएससी नर्सिंग, 2021), राजा बाबू (एमबीबीएस, 2021) एवं मानस गोयल (एमबीबीएस, 2022) को अंबुज सोनू पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह वार्षिक दिवस समारोह प्रति वर्ष मनाया जाता है जिसके पूर्व एम्स देवघर के छात्र-छात्राओं द्वारा एक सप्ताह तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसे “HELIX” के नाम से जाना जाता है।
यह आयोजन एम्स देवघर की शैक्षणिक,चिकित्सीय एवं सांस्कृतिक उत्कृष्टता को दर्शाता है और संस्थान के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
