पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 26 सितंबर, 2025 को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान (एसएनएसपीए) के अंतर्गत महिलाओं के स्वास्थ्य,पोषण और सशक्तिकरण पर केंद्रित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया।
इस अभियान के तहत आसनसोल स्थित पूर्व रेलवे उच्च विद्यालय में किशोरियों के लिए संतुलित आहार और पोषण,मानसिक स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस कार्यक्रम को प्रतिभागियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
पानागढ़ स्वास्थ्य इकाई में इस पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री के (एसएनएसपीए) पर संबोधन के साथ हुई। स्वास्थ्य वार्ता में पोषण जागरूकता,एनीमिया मुक्त भारत,मासिक धर्म स्वच्छता और ऑस्टियोपोरोसिस पर प्रकाश डाला गया। पानागढ़, दुर्गापुर, गलसी और मानकर स्टेशनों की 40 महिला कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य निवारक जाँचें आयोजित की गईं, जिनमें ऊँचाई, वजन, बीएमआई, रक्तचाप, सीबीजी माप, सामान्य जांच और आवश्यकतानुसार ईसीजी शामिल थे।
इन कार्यक्रमों में महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा पूरे मंडल में स्कूलों और स्वास्थ्य इकाइयों के माध्यम से स्वास्थ्य निवारक देखभाल, जागरूकता और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया गया।
