महिला कर्मचारियों के लिए गोपनीय शिकायत निवारण हेतु मंडल द्वारा विकसित डिजिटल पहल-
डीआरएम आसनसोल ने महिला-केंद्रित सुरक्षा मंच का किया उद्घाटन-
लैंगिक संवेदनशीलता एवं समावेशी कार्य संस्कृति को मिल रही मजबूती-
कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और लैंगिक संवेदनशील वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने SHE (सेक्शुअल हैरासमेंट इलेक्ट्रॉनिक) मोबाइल एप्लिकेशन का उद्घाटन एवं क्रियान्वयन किया है। यह डिजिटल पहल आसनसोल मंडल द्वारा ही विकसित की गई है, जिसका उद्देश्य महिला कर्मचारियों को सशक्त एवं सुरक्षित मंच प्रदान करना है।
रेल मंत्रालय के निर्देशों के अंतर्गत विकसित यह SHE मोबाइल ऐप कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के गोपनीय, पारदर्शी एवं समयबद्ध निवारण के लिए एक सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस एप्लिकेशन के माध्यम से महिला कर्मचारी अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकती हैं, मामलों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं तथा संस्थागत सहयोग तक सहज रूप से पहुंच बना सकती हैं, जिससे विश्वास, गोपनीयता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।
एप्लिकेशन के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल मंडल के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों, डिपो और रेलवे प्रतिष्ठानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान कर्मचारियों को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (निवारण, निषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा SHE मोबाइल ऐप के पंजीकरण और उपयोग की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझाया गया। इसके साथ ही संवादात्मक सत्र, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और जागरूकता प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया।
उद्घाटन एवं जागरूकता कार्यक्रम वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। श्री संग्रह मौर्य, मंडलीय रेल प्रबंधक, आसनसोल, ने SHE मोबाइल ऐप का औपचारिक उद्घाटन कर मंडल में इसके क्रियान्वयन की शुरुआत की। इस अवसर पर श्री प्रवीन कुमार प्रेम, अपर मंडलीय रेल प्रबंधक, आसनसोल, सुश्री बबल यादव, वरिष्ठ मंडलीय कार्मिक अधिकारी, आसनसोल, सहायक कार्मिक अधिकारी तथा डॉ. रजनी सिन्हा, वरिष्ठ मंडलीय चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण), आसनसोल भी उपस्थित रहीं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मंडल द्वारा विकसित SHE मोबाइल ऐप महिला सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण के प्रति आसनसोल मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। महिला कर्मचारियों से इस प्लेटफॉर्म का निःसंकोच उपयोग करने का आह्वान किया गया तथा उन्हें पूर्ण गोपनीयता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस प्रकार की प्रगतिशील और प्रौद्योगिकी-आधारित पहलों के माध्यम से आसनसोल मंडल भारतीय रेल में कर्मचारी कल्याण, डिजिटल नवाचार और कार्यस्थल सुरक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
