ढांचागत और नियमित सफ़ाई की विशेष पहल की तहत, पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने स्टेशन परिसर में स्वास्थ्यप्रद एवं स्वच्छ परिवेश और पैसेंजर की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए सभी कोटि/कैटेगरी के रेलवे स्टेशनों पर मशीन से सफ़ाई का व्यापक अभियान चलाया है।
आसनसोल, रानीगंज, मधुपुर और जसीडीह समेत बड़े और अन्य स्टेशनों पर बड़े पैमाने पर आधुनिक मशीनों से सफ़ाई का काम किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय और यात्रियों द्वारा इस्तेमाल की जानेवाली दूसरी जगहों की अच्छी तरह सफाई की जाती है।खास तौर पर उन जगहों पर जहां ज़्यादा लोगों की आवाजाही रहती है ताकि रेल उपयोक्ताओं के लिए साफ़, सुरक्षित और अच्छा माहौल बना रहे।
आसनसोल के स्टेशन क्षेत्र और परिसर के अलावा, सीतारामपुर, अंडाल, रानीगंज एवं पूरे मंडल के कई दूसरे स्टेशनों पर ट्रैक की सफ़ाई का काम काफ़ी तेज़ कर दिया गया है।सफ़ाई के काम में ट्रैक एरिया से कूड़ा, प्लास्टिक कचरा और अन्य प्रकार के मलबों को व्यवस्थित तरीके से हटाने पर ध्यान दिया गया है, जिससे रेलवे कॉरिडोर में सफ़ाई बेहतर हुई, सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है और पर्यावरणीय परिवेश स्वास्थ्यप्रद हुआ है।
छोटे स्टेशनों और हॉल्ट वाली जगहों पर भी सफ़ाई बनाए रखने पर खास ज़ोर दिया गया है।भलुआ हॉल्ट, लाहाबन और जगदीशपुर जैसे स्टेशनों और हॉल्ट पर बड़े पैमाने पर सफ़ाई अभियान चलाए गए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बड़े स्टेशनों के साथ-साथ, दूर- दराज के स्टेशनों ( जहाँ लोगों की कम आवाजाही होती हो) पर भी सफ़ाई का एक जैसा मानक बना रहे।
सफ़ाई अभियान की दक्षता और उसे प्रभावशाली बनाने के लिए, सफ़ाई के अत्याधुनिक उपकरण जैसे
हाई-प्रेशर वॉटर जेट मशीन, राइड-ऑन स्क्रबर मशीन इस्तेमाल किए जाते हैं। एडवांस्ड मैकेनाइज्ड टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से स्टेशन परिसर की तीव्र गति से गहन और ज़्यादा असरदार सफाई हो पाई है, साथ ही मैनपावर और संसाधनों का भी सटीक इस्तेमाल हो रहा है।
आसनसोल मंडल में मशीनों द्वारा चल रहा साफ-सफाई का यह अभियान, स्वच्छता और स्वास्थ्य के ऊंचे मानकों को बनाए रखने की दिशा में एक लक्ष्यसिद्ध और रेलवे के व्यवस्थित अप्रोच को दर्शाता है, जिसका मकसद पूरे मंडल में यात्रियों को ज़्यादा साफ़- सुथरा, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव देना है।
