यार्डों, डिपो और शेडों में बेहतर हाउसकीपिंग, जगह के सही इस्तेमाल और कार्यस्थल की संरक्षा सुनिश्चित की-
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान स्क्रैप निपटान में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य को पार कर लिया है। मंडल ने 57.00 करोड़ रुपये के लक्ष्य की तुलना में 65.03 करोड़ रुपये की स्क्रैप बिक्री की, जो प्रभावी संसाधन प्रबंधन और केंद्रित प्रशासनिक प्रयासों को दर्शाता है।
यह उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में एक उल्लेखनीय सुधार को दर्शाती है, जिसमें मंडल ने 55.00 करोड़ रुपये के लक्ष्य की तुलना में 58.46 करोड़ रुपये की स्क्रैप बिक्री दर्ज की थी; इस प्रकार, कार्य-निष्पादन में लगातार प्रगति वाले रुझान को बनाए रखा गया है।
यह सफलता स्क्रैप सामग्री की व्यवस्थित पहचान, छँटाई और त्वरित निपटान के माध्यम से हासिल की गई है, जिसे विभिन्न विभागों के बीच आपली समन्वय, सभी स्तरों पर नियमित निगरानी और पारदर्शी ई-नीलामी तंत्र को अपनाने से मिला है। यार्डों, डिपो, शेडों, साइडिंग और अन्य रेलवे परिसरों से अनुपयोगी और पुरानी सामग्री को हटाने के लिए लगातार अभियान चलाए गए।
स्टेशनों, कॉलोनियों, शेडों और कार्यस्थलों पर अनावश्यक और स्क्रैप सामग्री को हटाकर हाउसकीपिंग (साफ-सफाई) की स्थितियों को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप उपलब्ध जगह का बेहतर उपयोग हुआ है, परिचालन क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम हुई है और एक अधिक व्यवस्थित तथा कुशल कार्य वातावरण का निर्माण हुआ है।
स्क्रैप के समय पर निपटान ने कार्यस्थल की संरक्षा को बढ़ाने, अवांछित सामग्री के जमा होने से जुड़े जोखिमों को कम करने और रखरखाव शेडों तथा परिचालन स्थलों में सुचारू संचालन सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्वच्छ और अव्यवस्था-मुक्त परिवेश ने रखरखाव की बेहतर प्रक्रियाओं और परिचालन दक्षता को और अधिक बढ़ावा दिया है।
यह उपलब्धि न केवल मंडल के राजस्व में वृद्धि करती है, बल्कि यह संपत्तियों के कुशल उपयोग, बेहतर कार्य स्थितियों और सतत प्रबंधन प्रक्रियाओं को भी दर्शाती है।
