यात्री-केंद्रित स्वच्छता प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए "30 मिनट के भीतर सफाई की गारंटी" की हुई शुरुआत-

पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने अपने 'मेगा स्वच्छता जागरूकता अभियान' के दूसरे चरण की शुरुआत की।इस चरण में "30 मिनट के भीतर सफाई की गारंटी" नामक एक यात्री-केंद्रित पहल शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता से संबंधित शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करना है।
इस अभियान का उद्घाटन 16 मई, 2026 को दोपहर 12:00 बजे आसनसोल रेलवे स्टेशन पर आसनसोल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य द्वारा किया गया।इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक तथा वाणिज्य और पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन (ईएनएचएम) विभागों के अधिकारीगण और पर्यवेक्षक उपस्थित थे। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक ने जागरूकता गतिविधियों का निरीक्षण किया और यात्रियों तथा कर्मचारियों से बातचीत की; उन्होंने स्वच्छ और स्वास्थ्यकर रेलवे स्टेशनों को बनाए रखने में जनभागीदारी के महत्व पर विशेष जोर दिया।
इस पहल को आसनसोल और दुर्गापुर स्टेशनों पर एक साथ शुरू किया गया, ताकि डिजिटल फीडबैक और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के माध्यम से यात्रियों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके और स्टेशनों पर स्वच्छता तथा हाउसकीपिंग की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अभियान के एक हिस्से के रूप में, पूरे मंडल में क्यूआर कोड-आधारित एक फीडबैक प्रणाली शुरू की गई है। इसके माध्यम से यात्री स्वच्छता और हाउसकिपिंग सेवाओं के संबंध में अपने सुझाव और प्रतिक्रिया साझा कर सकते हैं, जिससे स्टेशनों के रख-रखाव में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सकेगा।
आसनसोल रेलवे स्टेशन पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वाणिज्य और ईएनएचएम विभागों के पर्यवेक्षक और कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल के कार्मिक, हाउसकीपिंग कर्मचारी और 'भारत स्काउट्स एंड गाइड्स' के 52 सदस्यों ने भाग लिया। स्काउट्स और गाइड्स ने एक 'नुक्कड़ नाटक' प्रस्तुत किया और यात्रियों से सीधा संपर्क अभियान चलाया, जिसके माध्यम से उन्होंने कचरे के उचित निपटान, कूड़ेदानों के उपयोग, थूकने से बचने और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की साझा जिम्मेदारी के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इसी तरह का एक कार्यक्रम दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर भी आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (ईएनएचएम), मंडल वाणिज्य प्रबंधक, विभागीय कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, हाउसकीपिंग कर्मचारी और 'भारत स्काउट्स एंड गाइड्स' के 32 सदस्यों ने भाग लिया। इन सभी ने यात्रियों को स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया। यह अभियान 16 मई से 30 मई, 2026 तक "इसे पहचानें, इसकी सूचना दें, हम इस पर काम कर रहे हैं”(स्पॉट इट, रिपोर्ट इट, वी आर ऑन इट) थीम के तहत जारी रहेगा। यात्री स्टेशन परिसर के भीतर किसी भी गंदी जगह की रिपोर्ट रेल मदद ऐप के माध्यम से उसकी फ़ोटो अपलोड करके, या सोशल मीडिया पर #ERChallenge हैशटैग का उपयोग करते हुए @DrmAsansol को टैग करके कर सकते हैं। ऐसी रिपोर्ट मिलने पर, संबंधित रेलवे टीमें परिचालन की व्यवहार्यता के अधीन 30 मिनट के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई करने का प्रयास करेंगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य त्वरित प्रतिक्रिया और यात्रियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्टेशनों को स्वच्छ, स्वास्थ्यकर और यात्री-अनुकूल बनाए रखना है।
आसनसोल मंडल ने सभी यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं से अपील की हैं कि वे कूड़ेदानों का उपयोग करके, कूड़ा फेंकने और थूकने से बचकर, तथा बायो-टॉयलेट का सही ढंग से उपयोग करके इस अभियान का समर्थन करें, ताकि स्टेशन, ट्रेनें और रेलवे ट्रैक सभी के लिए स्वच्छ और सुखद बने रहें।
