लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को रणनीतिक बढ़ावा-
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने महाशिव गति शक्ति मल्टी-मोडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) के शुभारंभ के साथ एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।महाशिव मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित इस टर्मिनल की अधिसूचना 5 दिसंबर 2025 को जारी की गई थी और 13 दिसंबर 2025 को पहली आवक रैक की सफल स्थापना के साथ इस नवीनतम, अत्याधुनिक माल ढुलाई सुविधा में परिचालन शुरू हो गया।
अंडाल-तोपसी सेक्शन में अंडाल के पास स्थित, महाशिव जीसीटी को अनुसूची-1 के तहत विकसित किया गया है। टर्मिनल में दो पूर्ण लंबाई की रेलवे लाइनें, दो घाट और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से मजबूत कनेक्टिविटी है।यह बुनियादी ढांचा रेल-सड़क एकीकरण को सुगम बनाता है और थोक वस्तुओं की कुशल हैंडलिंग सुनिश्चित करता है, जिससे क्षेत्र के माल ढुलाई तंत्र को काफी मजबूती मिलती है।
टर्मिनल को आवक यातायात के रूप में कोयला और लौह अयस्क को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जबकि रेत,पत्थर और कोयले को जावक यातायात के लिए योजनाबद्ध किया गया है। लगभग 2 से 3 मिलियन टन की वार्षिक हैंडलिंग क्षमता के साथ यह सुविधा खनन, बिजली, इस्पात, निर्माण और विनिर्माण जैसे उद्योगों को महत्त्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स सहायता प्रदान करेगी, जिससे आसनसोल मंडल की माल-हैंडलिंग क्षमता में वृद्धि होगी।
सोनपुर बाजारी से कोयले से लदे 58 बाक्सएन वैगनों वाले पहले रैक को 13 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:10 बजे लाइन नंबर 2 पर महाशिवा मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड साइडिंग पर रखा गया और शाम 5:05 बजे तक इसे कुशलतापूर्वक अनलोड कर दिया गया।पांच पोकलेन और चार पेलोडर मशीनों की मदद से संचालन कार्य सुचारू रूप से चल रहा था जो टर्मिनल की उच्च परिचालन क्षमता को दर्शाता है।
महाशिव जीसीटी के चालू होने से रसद दक्षता में सुधार होने, सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होने, माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होने और पर्यावरण के अनुकूल रेल आधारित माल ढुलाई को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।यह परियोजना रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करेगी और पश्चिम बर्धमान जिले में सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देगी, जिससे आधुनिक माल ढुलाई अवसंरचना को मजबूत करने के लिए पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता और पुष्ट होगी।
