रेलमदद और अन्य यात्री फीडबैक माध्यमों से प्राप्त बढ़ती शिकायतों को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बिना वैध अनुमति के ट्रेनों, स्टेशन परिसरों और रेलवे भूमि पर अवैध रूप से काम करने वाले अनधिकृत फेरीवालों और विक्रेताओं के विरुद्ध सामान्य अभियान चला रहा है।
ये अभियान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे हैं, खासकर भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे प्लेटफॉर्म और कोचों के अंदर। इनका उद्देश्य अनधिकृत फेरीवालों को हतोत्साहित करना है, जो असुविधा, बाधा और स्वच्छता संबंधी समस्याओं का कारण बनते हैं, साथ ही एक निष्पक्ष और विनियमित वातावरण बनाए रखना है, जहाँ केवल अधिकृत विक्रेता और लाइसेंस प्राप्त स्टॉल ही रेलवे प्रशासन के मानकों के अनुसार काम करते हैं। ऐसे प्रयास अधिक कीमत वसूलने, असुरक्षित खाद्य पदार्थों और यात्री स्थान पर अतिक्रमण को रोकने में भी मदद करते हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे ध्यान दें कि स्टेशनों और ट्रेनों में अधिकृत खानपान स्टॉल और लाइसेंस प्राप्त विक्रेता सामान्य रूप से काम करते रहेंगे,इन अभियानों के दौरान केवल उन पर ही कार्रवाई की जा रही है जो बिना वैध रेलवे अनुमति के काम कर रहे हैं।रेलवे ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि आसनसोल मंडल में सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
