पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 24 अगस्त, 2025 को आसनसोल-खाना सेक्शन के अंतर्गत अंडाल स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य हेतु शैडो ब्लॉक के दौरान महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य संम्पन्न किये।ये कार्य बेहतर संरक्षा, ट्रैक अवसंरचना के आधुनिकीकरण और यात्रियों के लिए बेहतर यात्रा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए किए गये।
इन कार्यों में एक डबल स्लिप डायमंड क्रॉसिंग को 52 किलोग्राम से 60 किलोग्राम मानक में परिवर्तित करके ट्रैक को मजबूत करना और संबंधित रेल नवीनीकरण के साथ एक टर्नआउट का रूपांतरण शामिल था। लगभग 150 मीटर पुरानी रेल को बदलने के साथ-साथ लगभग 260 मीटर नई पटरी बिछाई गई। इसी क्रम में सुचारू रेल परिचालन के लिए चार आधुनिक स्विच एक्सपेंशन ज्वाइंट भी लगाए गए।ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए दोषपूर्ण वेल्ड और पुराने चिपके हुए जोड़ों को हटाकर उनकी जगह नया जोड़ लगाया गया।
4.5 किलोमीटर से अधिक लंबी पटरी का अनुरक्षण मशीनों द्वारा प्लेन ट्रैक और टर्नआउट टैम्पिंग के लिए किया गया।इसके अतिरिक्त, 23 नए वेल्ड किए गए और 167 स्लीपरों की मरम्मत की गई।घर्षण कम करने और कार्य निष्पादन में सुधार के लिए 85 जोड़ों में ग्रीसिंग का काम भी पूरा किया गया।
यात्री सुविधाओं और स्टेशन के अनुरक्षण के लिए काली पहाड़ी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज की पेंटिंग का काम पूरा कर लिया गया और आगामी सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए अंडाल शेड लाइन पर नई पटरियाँ उतारी गईं।
माना जा रहा है कि इन उपायों से परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, संरक्षा मानकों में सुधार होगा और आसनसोल-खाना सेक्शन में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यात्रा का अनुभव और अधिक आरामदायक होगा।
