महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के आरोप को लेकर कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच पत्राचार का सिलसिला जारी है। कोंग्रेस नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।एक दिन पहले चुनाव आयोग ने उन्हें एक पत्र भेज कर इन मुद्दों पर आमने सामने बैठ कर बात करने के लिए आमंत्रित किया था।अब उस पत्र के जवाब में कांग्रेस पार्टी की ओर से चुनाव आयोग को पत्र भेज कर मुख्य मुद्दा को छोड़ बाकी गैरजरूरी मुद्दों पर बात करने का आरोप लगाया गया है।चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र में पार्टी द्वारा जिक्र किया गया है कि उनके द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के वोटर लिस्ट की डिजिटल कॉपी और महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के चुनाव के दिन के वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की गई थी लेकिन चुनाव आयोग द्वारा मुख्य मुद्दा को छोड़ सभी गैरजरूरी मुद्दों पर बात करने की पेशकश की जा रही है।कोंग्रेस पार्टी की चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने वाली कमिटी द्वारा चुनाव आयोग के सचिव अश्वनी कुमार मोहाल को भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि हमारी सीधी और साधारण मांग को छोड़ गैरजरूरी बातों में उलझाने की कोशिश न तो उपयोगी साबित हो सकती है और न ही इससे किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।पार्टी ने स्पष्ट किया है कि अगर मुख्य मुद्दों पर बात करने के लिए चुनाव आयोग तैयार होता है तभी आमने सामने बैठ कर बात की जा सकती है।इस मीटिंग में कोंग्रेस पार्टी की अपनी आंतरिक फाइंडिंग्स का भी विश्लेषण किया जा सकता है।
