पवित्र श्रावणी मेला 2025 के दौरान अनुमानित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 21.07.2025 से 05.08.2025 तक सोमवार और मंगलवार को जसीडीह और बासुकीनाथ के बीच अतिरिक्त मेमू स्पेशल यात्री ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
निर्धारित समय के अनुसार ये मेमू स्पेशल ट्रेनें मोहनपुर से सुबह 10:30 बजे प्रस्थान करेगी और 11:30 बजे बासुकीनाथ पहुँचेंगी।बासुकीनाथ से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 2:00 बजे जसीडीह पहुँचेंगी।जसीडीह से ट्रेन दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 4:00 बजे पुनः बासुकीनाथ पहुँचेगी।बासुकीनाथ से शाम 4:30 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 6:30 बजे जसीडीह पहुँचेगी। अंत में, ट्रेन जसीडीह से शाम 6:50 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 7:25 बजे मोहनपुर में अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
मोहनपुर होकर चलने वाली ये स्पेशल मेमू ट्रेनें यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को प्रबंधित करने और बासुकीनाथ धाम आने वाले कांवड़ियों और तीर्थयात्रियों के लिए एक सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।
गौरतलब है कि श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया देवघर में बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाने के बाद बासुकीनाथ पहुंच कर बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण भी अवश्य करते हैं।
