आधुनिक यात्री सुविधाएं और उन्नत अवसंरचना उपलब्ध-

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण की एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य स्टेशनों पर उन्नत यात्री सुविधाएं, बेहतर पहुंच व्यवस्था तथा आधुनिक अवसंरचना विकसित करना है, जिससे वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
इसी पहल के तहत पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत स्थित महत्वपूर्ण स्टेशन सिउड़ी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।सिउड़ी, पश्चिम बंगाल के बिरभूम जिले का मुख्यालय है तथा यह क्षेत्र का एक प्रमुख प्रशासनिक और व्यावसायिक केंद्र भी है।
सिउड़ी स्टेशन के पुनर्विकास कार्य लगभग ₹5 करोड़ की लागत से पूर्ण किए गए हैं।उन्नत स्टेशन में स्टेशन भवन का आकर्षक अग्रभाग विकसित किया गया है। इसके साथ ही बेहतर पार्किंग सुविधा तथा यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए परिसंचरण क्षेत्र में सुधार किया गया है।
इस परियोजना के अंतर्गत प्लेटफॉर्म शेल्टर और प्लेटफॉर्म सतह का उन्नयन, आधुनिक साइनेज की स्थापना, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड तथा कोच इंडिकेशन बोर्ड की व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की स्थापना तथा स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
स्टेशन पर स्थानीय कला और संस्कृति को दर्शाते हुए भित्ति चित्र एवं पेंटिंग भी स्थापित किए गए हैं। इन सुधारों से यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी, स्टेशन तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी तथा यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम बनेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सिउड़ी स्टेशन का यह पुनर्विकास क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में भी सहायक सिद्ध हो सकता है।
